Central Samvad रायपुर, 14 सितंबर 2026
छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के तारापुर गांव की महिलाओं ने गणेशोत्सव के दौरान पर्यावरण संरक्षण के साथ आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश की है। बकावंड विकासखंड के ‘मिट्टी के गणेश मूर्ति निर्माण सिद्धि स्व सहायता समूह’ की महिलाओं ने शुद्ध मिट्टी से 52 इको-फ्रेंडली गणेश प्रतिमाएं तैयार कीं, जिन्हें बेचकर समूह ने 1.80 लाख रुपये की आय अर्जित की।

शांति नागवंशी, दसो भारती और रोमा नागवंशी के नेतृत्व में महिलाओं ने मूर्तियों के निर्माण में किसी हानिकारक केमिकल और कृत्रिम रंग का इस्तेमाल नहीं किया। पर्यावरण के अनुकूल इन प्रतिमाओं की बाजार में अच्छी मांग रही और सभी मूर्तियां बिक गईं।समूह की सदस्य शांति नागवंशी ने बताया कि अपनी मेहनत से बनाई मूर्तियों की पूजा होते देखना और उनसे आय अर्जित करना उनके लिए बेहद खुशी की बात है।
समूह की महिलाएं इस राशि का उपयोग परिवार की जरूरतों और बच्चों की शिक्षा के लिए करेंगी। सीमित संसाधनों के बीच शुरू हुई यह पहल बस्तर की अन्य महिलाओं को भी स्वावलंबन की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित कर रही है।

