Central Samvad रायपुर, 14 सितंबर 2026
नई दिल्ली में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के सफल आयोजन और नई दिल्ली घोषणापत्र को सर्वसम्मति से अपनाए जाने पर सदस्य देशों ने भारत के नेतृत्व की सराहना की है। भारत की अध्यक्षता में आयोजित दो दिवसीय सम्मेलन में ब्रिक्स के 11 सदस्य देशों ने वैश्विक और साझा चुनौतियों पर चर्चा की।

दक्षिण अफ्रीका, रूस, चीन, ब्राजील और संयुक्त अरब अमीरात सहित सदस्य देशों ने ब्रिक्स सहयोग को मजबूत करने और ग्लोबल साउथ की प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने के लिए भारत के प्रयासों का स्वागत किया। दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा ने भारत के नेतृत्व और सम्मेलन के सफल आयोजन की प्रशंसा करते हुए कहा कि भारत ने सदस्य देशों को आम सहमति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
संयुक्त राष्ट्र महासचिव अंतोनियो गुतरश ने भी भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने नई दिल्ली घोषणापत्र में सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज, मजबूत स्वास्थ्य व्यवस्था, टीबी उन्मूलन और डिजिटल हेल्थ जैसे विषयों पर दिए गए जोर का स्वागत किया।
घोषणापत्र में वैश्विक व्यापार, आतंकवाद, शांति और विवादों के शांतिपूर्ण समाधान सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर सहयोग बढ़ाने की बात कही गई है। अमेरिका के अटलांटिक काउंसिल के वरिष्ठ फेलो माइकल कुगेलमैन ने भी सम्मेलन को सफल बताते हुए कहा कि घोषणापत्र भारत की बढ़ती वैश्विक समन्वय क्षमता को दर्शाता है।

