Central Samvad रायपुर, 24 सितंबर 2026
छत्तीसगढ़ का ग्रामीण पर्यटन अब विदेशी पर्यटकों को भी आकर्षित कर रहा है। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के लमना विलेज स्टे में ब्रिटेन से पहुंचे फ्रैंक रोजर मार्सटन और जेनिफर मार्गरेट रेनफ्रू मार्सटन ने ग्रामीण जीवन, स्थानीय संस्कृति और हाट-बाजार का अनुभव लिया।

लमना पहुंचने पर ग्रामीणों ने पारंपरिक तरीके से तिलक लगाकर और ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया। विदेशी अतिथियों ने गांव की गलियों, खेत-खलिहानों और पारंपरिक परिवेश का भ्रमण किया तथा स्थानीय लोगों, महिलाओं और बच्चों से संवाद किया।

ग्रामीण हाट में उन्होंने मिट्टी के बर्तन, बांस से बने सामान, स्थानीय खाद्य सामग्री, सब्जियों और अन्य ग्रामीण उत्पादों को देखा और दुकानदारों से बातचीत की।

इस दौरान उन्होंने ग्रामीण जीवनशैली और स्थानीय बाजार की गतिविधियों को करीब से समझा।लमना विलेज स्टे पर्यटकों को केवल ठहरने की सुविधा ही नहीं देता, बल्कि उन्हें स्थानीय जीवन और संस्कृति से सीधे जुड़ने का अवसर भी देता है।

ग्रामीण पर्यटन के ऐसे केंद्रों से स्थानीय परिवारों, हस्तशिल्पकारों, छोटे व्यवसायों, गाइडों और होमस्टे संचालकों के लिए रोजगार और आय के अवसर बढ़ने की संभावना है।

ब्रिटेन के पर्यटकों का लमना प्रवास छत्तीसगढ़ में बढ़ते अनुभव आधारित पर्यटन की एक झलक है, जहां प्रकृति, ग्रामीण संस्कृति और स्थानीय आतिथ्य पर्यटकों को एक साथ अनुभव करने का अवसर देते हैं।

