Central Samvadरायपुर, 31 जुलाई
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) की वर्ष 2021 भर्ती परीक्षा से जुड़े कथित अनियमितता मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की विशेष अदालत ने आयोग के पूर्व अध्यक्ष टामन सिंह सोनवानी को 14 दिन की न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

ईडी की रिमांड अवधि पूरी होने के बाद उन्हें विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने न्यायिक अभिरक्षा में भेजने का आदेश दिया।इस मामले में इससे पहले केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) भी टामन सिंह सोनवानी को गिरफ्तार कर चुकी है।
उनके साथ बजरंग पावर एंड स्टील लिमिटेड के डायरेक्टर श्रवण कुमार गोयल को भी गिरफ्तार किया गया था। जांच एजेंसियों का आरोप है कि सीजीपीएससी भर्ती प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताएं हुईं और प्रभावशाली लोगों के परिजनों को विभिन्न पदों पर चयनित कराने के लिए कथित रूप से अवैध लेन-देन किया गया। ईडी अब मामले के वित्तीय पहलुओं की भी जांच कर रही है।

