Central Samvad, 30 जुलाई 2026
दिल्ली सरकार ने नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं के विरोध में हुए प्रदर्शनों में शामिल विद्यार्थियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई नहीं करने का निर्णय लिया है। यह फैसला उन छात्रों पर लागू होगा, जो शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज कराने पहुंचे थे।
दिल्ली सरकार का यह निर्णय उच्चतम न्यायालय के 28 जुलाई के आदेश के अनुरूप लिया गया है। हालांकि, यह छूट उन प्रदर्शनकारियों पर लागू नहीं होगी, जिनके खिलाफ पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं या जो हिंसा, तोड़फोड़ और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं।

दिल्ली के गृह मंत्री आशीष सूद ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करना नागरिकों का अधिकार है, लेकिन प्रदर्शन की आड़ में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ नियमों के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य निर्दोष छात्रों को परेशान करना नहीं है, लेकिन हिंसा और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।

