Central Samvad रायपुर, 06 अक्टूबर 2026
छत्तीसगढ़ में ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने और गांवों की संस्कृति, प्रकृति व परंपराओं को देश-दुनिया तक पहुंचाने के लिए राज्य सरकार ने ‘चेन्दरू राज्य ग्रामीण पर्यटन पुरस्कार’ शुरू किया है। ग्रामीण पर्यटन के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्ति या संस्था को एक लाख रुपये की नकद राशि और प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया जाएगा।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि राज्य के गांव हमारी संस्कृति, परंपराओं और प्राकृतिक विरासत की पहचान हैं। ग्रामीण पर्यटन के माध्यम से स्थानीय युवाओं, महिलाओं, स्व-सहायता समूहों, कारीगरों और ग्रामीण उद्यमियों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर तैयार किए जा सकते हैं।पुरस्कार के तहत होमस्टे, स्थानीय व्यंजन, हस्तशिल्प, लोककला, लोकसंस्कृति, प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण और सामुदायिक पर्यटन को प्रोत्साहित किया जाएगा। पुरस्कार के लिए छह सदस्यीय जूरी प्राप्त प्रविष्टियों का मूल्यांकन करेगी। चयनित विजेता को राज्योत्सव के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा और उसके कार्यों पर आधारित सचित्र स्मारिका भी जारी की जाएगी।छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड द्वारा प्रमुख समाचार पत्रों के माध्यम से पुरस्कार के लिए प्रविष्टियां आमंत्रित की जाएंगी। इसका उद्देश्य ग्रामीण पर्यटन को रोजगार, स्थानीय अर्थव्यवस्था, सांस्कृतिक संरक्षण और सतत विकास से जोड़ना है।

