Central Samvad रायपुर, 15 अगस्त 2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में ध्वजारोहण कर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद से मुक्त छत्तीसगढ़ अब शांति, विकास और समृद्धि की नई यात्रा पर आगे बढ़ रहा है।

बस्तर के नवनिर्माण को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने कहा कि अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है।मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों, महिलाओं, युवाओं और जनजातीय समाज की समृद्धि के साथ आधुनिक अधोसंरचना, रोजगार, निवेश और नई अर्थव्यवस्था पर सरकार का विशेष फोकस है।

बस्तर में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और संचार सुविधाओं के विस्तार के साथ बंद स्कूलों को फिर से शुरू किया जा रहा है।उन्होंने बताया कि किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदा जा रहा है और सिंचाई विस्तार के लिए 11 हजार करोड़ रुपये से अधिक की मंजूरी दी गई है। महिलाओं के लिए महतारी वंदन योजना के तहत अब तक 19 हजार 444 करोड़ रुपये अंतरित किए गए हैं।युवाओं के लिए रोजगार, कौशल और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के नए अवसर उपलब्ध कराने के साथ पुलिस, शिक्षा और बिजली विभाग में भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।

।राज्य में 500 करोड़ रुपये के छत्तीसगढ़ राज्य एआई मिशन को मंजूरी दी गई है, जिसके तहत एआई डेटा लैब, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और एआई आधारित सेवाएं विकसित की जाएंगी।मुख्यमंत्री ने कहा कि निवेश प्रस्तावों के माध्यम से प्रदेश में रोजगार के नए अवसर तैयार हो रहे हैं। सड़क, रेल, ऊर्जा और डिजिटल कनेक्टिविटी के विस्तार के साथ छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख औद्योगिक और आर्थिक केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।

‘मेरी बेटी-मेरा अभिमान’ अभियान की घोषणास्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने ‘मेरी बेटी-मेरा अभिमान’ अभियान शुरू करने की घोषणा की। इसके तहत प्रदेश के 6,671 शासकीय विद्यालयों में बेटियों के लिए शौचालय बनाए जाएंगे।मुख्यमंत्री ने पर्यटन, लोक-संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण को भी विकास की प्राथमिकताओं में शामिल बताया।

चित्रकोट को वैश्विक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने, सिरपुर के विकास तथा छत्तीसगढ़ी सिनेमा के लिए ‘चित्रोत्पला फिल्म सिटी’ बनाने की दिशा में कदम उठाने की बात कही।अपने संदेश के समापन में मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में विकसित छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने प्रदेशवासियों से एकजुट होकर राज्य और देश के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

