Central Samvadरायपुर, 13 अगस्त 2026दंतेवाड़ा में तिरंगा यात्रा के दूसरे दिन उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री श्री विजय शर्मा और वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने माँ दंतेश्वरी मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। इसके बाद दंतेवाड़ा बस स्टैंड से तिरंगा यात्रा का शुभारंभ किया गया।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने जिले के 211 वीर बलिदानी जवानों को नमन करते हुए कहा कि बस्तर की जनता, समाज प्रमुखों, जनप्रतिनिधियों और पत्रकारों के सहयोग से नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में बड़ी सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा आज उन क्षेत्रों से गुजर रही है, जहां कभी नक्सल आतंक के कारण पहुंचना मुश्किल था।

अब इन्हीं क्षेत्रों में गर्व और उत्साह के साथ तिरंगा लहराया जा रहा है।वन मंत्री श्री केदार कश्यप ने तिरंगे को देश की आन, बान और शान का प्रतीक बताते हुए लोगों से अपने घरों में तिरंगा लगाने और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर घर तिरंगा अभियान में भाग लेने की अपील की।बस्तर सांसद श्री महेश कश्यप ने तिरंगा यात्रा को ऐतिहासिक गर्व का क्षण बताया।

उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में कभी नक्सल आतंक के कारण पहुंचना कठिन था, वहां आज विकास और राष्ट्रभक्ति का नया वातावरण दिखाई दे रहा है।कार्यक्रम में विधायक श्री चैतराम अटामी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नंदलाल मुड़ामी, राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती ओजस्वी मंडावी, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती पायल गुप्ता, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुनीता भास्कर सहित बस्तर आईजी श्री बद्रीनाथ मीणा, डीआईजी श्री कमलोचन कश्यप, कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव, पुलिस अधीक्षक श्री चंद्रमोहन सिंह, डीएफओ श्री रामकृष्ण रंगनाथ वाय एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।


