Central Samvadरायपुर, 13 अगस्त 2026
छत्तीसगढ़ के प्रथम पर्व हरेली का भव्य आयोजन नया रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में उत्साह और सांस्कृतिक गरिमा के साथ किया गया। आयोजन में छत्तीसगढ़ की लोक परंपराओं, कृषि संस्कृति और ग्रामीण जीवन की सोंधी खुशबू देखने को मिली।

मुख्यमंत्री निवास परिसर को नीम और आम के पत्तों, गेंदे के फूलों तथा पारंपरिक ग्रामीण सजावट से सजाया गया था। पूरे परिसर में हरियाली और लोक संस्कृति की झलक दिखाई दी।हरेली आयोजन में गेड़ी दौड़, बिल्लस, गोटी और बाटी जैसे पारंपरिक खेल आकर्षण का केंद्र रहे। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने इन खेलों का आनंद लिया।

वहीं रहचुली ने ग्रामीण मेले जैसा माहौल बना दिया।आयोजन में ठेठरी, खुरमी, बड़ा सहित छत्तीसगढ़ी पारंपरिक व्यंजनों का भी लोगों ने स्वाद लिया। लोक कलाकारों ने छत्तीसगढ़ी लोकगीत और लोकनृत्य की प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को जीवंत बना दिया। मांदर, ढोलक और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की थाप पर कलाकारों और दर्शकों में उत्साह देखने को मिला।
हरेली कृषि और प्रकृति से जुड़ा पर्व है। इस अवसर पर किसान कृषि औजारों की पूजा कर अच्छी फसल और समृद्धि की कामना करते हैं। मुख्यमंत्री निवास में आयोजित यह कार्यक्रम छत्तीसगढ़ की लोक अस्मिता, कृषि परंपरा और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का संदेश देता नजर आया।

