Central Samvadराजनांदगांव, 2 सितंबर 2026
राजनांदगांव जिले के छुरिया क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन भाई-बहनों संदीप साहू, भूपेश्वरी साहू और डिकेश्वरी साहू के असामयिक निधन से शोक की लहर है।
छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में सड़क हादसे में 3 सगे भाई-बहनों समेत 4 लोगों की मौत हो गई। मंगलवार को भाई-बहन त्योहार की खरीदारी करने छुरिया गए थे। शाम को बाइक से अपने गांव गहिराभेड़ी लौट रहे थे, तभी शिकारीमहका-भोलापुर मार्ग पर सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो से उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।


टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। स्कॉर्पियो भी सड़क किनारे खेत में पलट गई। स्कॉर्पियो सवार एक बुजुर्ग ने भी दम तोड़ दिया। मामला छुरिया थाना क्षेत्र का है। बताया जाता है कि मृतकों में दोनों बहनें शादीशुदा थीं, त्योहार मनाने घर आई हुई थी और भाई उन्हें शॉपिंग कराने लेकर गया था। पुलिस के मुताबिक, हादसे की वजह अंधेरा और तेज रफ्तार मानी जा रही है।

इलाके में इस हादसे में तीनों भाई बहनों और एक अन्य की मौत को लेकर दुःख का माहौल है। विधानसभा अध्यक्ष डॉक्टर रमन सिंह ने एक ही परिवार के तीन सदस्यों का असमय चले जाने को बेहद दुखद और पूरे परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बताया है। उन्होंने शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति और परिवार को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की है।

