Central Samvad रायपुर 13 सितंबर 2026
छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पर्यटन संभावनाओं को राष्ट्रीय पर्यटन मंच पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। विशाखापट्टनम में 10 से 13 सितंबर तक आयोजित 41वें इंडियन एसोसिएशन ऑफ टूर ऑपरेटर्स (IATO) Annual Convention में प्रदेश के पर्यटन स्थलों और विकास की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

सम्मेलन में छत्तीसगढ़ को ‘Best Emerging Tourist Destination’ के सम्मान से भी नवाजा गया।चार दिवसीय सम्मेलन की थीम ‘भारत—विश्व के पर्यटन अवसरों का अगला बड़ा केंद्र’ रही।

सम्मेलन में छत्तीसगढ़ के प्राकृतिक सौंदर्य, जलप्रपात, वन्यजीव, पुरातात्विक धरोहर, जनजातीय संस्कृति, धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों को वीडियो प्रेजेंटेशन के माध्यम से देशभर से आए ट्रैवल एजेंट्स और टूर ऑपरेटर्स के सामने प्रस्तुत किया गया।छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा ने सम्मेलन में सहभागिता करते हुए प्रदेश की पर्यटन संभावनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर सामने रखा।

उन्हें सम्मेलन के दौरान सम्मानित भी किया गया। पर्यटन बोर्ड के पवेलियन में ट्रैवल एजेंट्स और टूर ऑपरेटर्स ने बी-टू-बी बैठकें कर पर्यटन पैकेज, डेस्टिनेशन और इटिनरी पर चर्चा की।सम्मेलन के दौरान प्रदेश में प्रकृति, धार्मिक, ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और जनजातीय पर्यटन को बढ़ावा देने तथा स्थानीय समुदायों को पर्यटन से जोड़कर रोजगार के अवसर बढ़ाने पर भी विचार-विमर्श हुआ।

11 और 12 सितंबर को आयोजित भारतीय पर्यटन मेले में भी विभिन्न राज्यों के पर्यटन प्रतिनिधियों और ट्रैवल ट्रेड के बीच संपर्क एवं व्यावसायिक बैठकें हुईं।13 सितंबर को आयोजित सम्मान समारोह में छत्तीसगढ़ पर्यटन को ‘Best Emerging Tourist Destination’ पुरस्कार प्रदान किया गया।
इसे प्रदेश की पर्यटन संभावनाओं और राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ती पहचान की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। बस्तर के जलप्रपात और जंगल, सिरपुर की ऐतिहासिक विरासत, दंतेवाड़ा की धार्मिक आस्था और समृद्ध जनजातीय संस्कृति छत्तीसगढ़ को विशिष्ट पर्यटन गंतव्य के रूप में पहचान दिला रहे हैं।

