Central Samvad रायपुर 13 सितंबर 2026
उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई को केवल नियमित पुलिस कार्रवाई न मानकर मिशन के रूप में लिया जाए।

नशीले पदार्थों के निर्माण, बिक्री, परिवहन और भंडारण से जुड़े पूरे नेटवर्क को तोड़ने के साथ एनडीपीएस एक्ट के मामलों में मजबूत विवेचना और दोषसिद्धि पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।उप मुख्यमंत्री आज कवर्धा के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय में आयोजित राजनांदगांव रेंज स्तरीय एनडीपीएस एक्ट कार्यशाला में शामिल हुए।

कार्यशाला में एनडीपीएस मामलों की प्रभावी विवेचना, साक्ष्य संकलन, तकनीकी साक्ष्यों के उपयोग और न्यायालय में दोषसिद्धि के लिए जरूरी प्रक्रियाओं पर चर्चा की गई।विजय शर्मा ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि गिरफ्तार तस्करों के संपर्क, लोकेशन और आवागमन की जानकारी जुटाकर नशीले पदार्थों के स्रोत और पूरे तस्करी नेटवर्क तक पहुंच बनाई जाए।

उन्होंने कहा कि कार्रवाई केवल सामने आए आरोपी तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि तस्करी कराने वाले अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सुनिश्चित की जाए।उन्होंने गांजा तस्करी के स्रोतों की पहचान के लिए आधुनिक तकनीक और जमीनी स्तर की पुलिस कार्रवाई के बेहतर समन्वय पर भी जोर दिया।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि एनडीपीएस के खिलाफ कार्रवाई देश, समाज, युवाओं और आने वाली पीढ़ी की सेवा है।कार्यशाला के दौरान एनडीपीएस एक्ट के मामलों में उत्कृष्ट कार्य कर आरोपियों को दोषसिद्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव रेंज अजय यादव, पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव सहित रेंज के अधिकारी और विवेचना अधिकारी उपस्थित रहे।

