Central Samvad रायपुर 13 सितंबर 2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि शिक्षा व्यक्ति, समाज और राष्ट्र की प्रगति का आधार है। शिक्षक बच्चों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व को गढ़ते हुए संस्कार और सही दिशा भी प्रदान करते हैं। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर हर बच्चे तक पहुंचाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री आज बेमेतरा के बेसिक स्कूल मैदान में आयोजित जिला स्तरीय शिक्षक सम्मान एवं प्रतिभावान विद्यार्थी सम्मान समारोह में शामिल हुए। इस दौरान जिले के 81 सेवानिवृत्त शिक्षकों को शॉल, श्रीफल, स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

बोर्ड एवं महाविद्यालयीन परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 42 मेधावी छात्र-छात्राओं को भी गोल्ड मेडल और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।मुख्यमंत्री ने कहा कि बदलती तकनीक और समय की जरूरतों के अनुरूप बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराना जरूरी है। सरकार का प्रयास है कि संसाधनों या अवसरों के अभाव में छत्तीसगढ़ का कोई भी बच्चा पीछे न रहे।

विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति, शिक्षा ऋण, नालंदा परिसर जैसी सुविधाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर संसाधनों का विस्तार किया जा रहा है।इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बेमेतरा शहर में गौरव पथ निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत किए जाने तथा ग्राम पंचायत तिवरिया में नवीन विद्युत सब-स्टेशन निर्माण की घोषणा की।

उन्होंने “मोर गांव मोर पानी” अभियान के तहत जल संरक्षण और भू-जल स्तर सुधार के लिए किए गए कार्यों की भी सराहना की। बेमेतरा, बेरला और नवागढ़ जनपद पंचायतों को उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र के भविष्य के निर्माता हैं।
खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल ने शिक्षा के साथ संस्कार को भी आवश्यक बताया। समारोह में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

