Central Samvadनई दिल्ली, 25 जुलाई 2026
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने केंद्र सरकार के साथ बातचीत के बाद अपना आंदोलन वापस लेने का ऐलान किया है। तीसरे दौर की वार्ता के बाद केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह के साथ सीजेपी के प्रतिनिधियों ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी।
सीजेपी के प्रवक्ता सौरव दास ने बताया कि सरकार ने उनकी सभी प्रमुख मांगों पर सहमति जताई है। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से अपील की कि वे शांतिपूर्ण तरीके से जंतर-मंतर से वापस अपने घर लौट जाएं।सौरव दास ने कहा कि आंदोलन के दौरान दर्ज एफआईआर को वापस लेने पर सरकार तैयार हो गई है।

उन्होंने बताया कि भविष्य में प्रदर्शन को लेकर सीजेपी कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई नहीं की जाएगी। उन्होंने इसे जवाबदेही की जीत बताया।सीजेपी प्रतिनिधि आशुतोष रांका ने बताया कि मुआवजे के मुद्दे पर भी सरकार से सहमति बनी है।
सरकार ने कहा है कि मुआवजा नियमों और कानूनी प्रावधानों के अनुसार दिया जाएगा।केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने बातचीत के बाद कहा कि सीजेपी प्रतिनिधिमंडल लिखित मांगों का मसौदा लेकर आया था, जिसमें आंदोलन से जुड़े मामलों और अन्य मांगों को रखा गया था। उन्होंने कहा कि सरकार ने एफआईआर से जुड़े मामलों पर विचार किया है और नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
जेपी नड्डा ने कहा कि सरकार युवाओं से जुड़े मुद्दों को संवेदनशीलता के साथ हल करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से आंदोलन समाप्त कर घर लौटने की अपील की।सीजेपी प्रवक्ता सौरव दास ने कहा कि संगठन ने जो वादा किया था, उसे पूरा किया जाएगा और तत्काल प्रभाव से आंदोलन वापस लिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सभी प्रदर्शनकारी शांतिपूर्ण तरीके से अपने घर लौटें।सरकार और सीजेपी के बीच हुई इस वार्ता के बाद दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहा प्रदर्शन समाप्त होने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।

