
ऊर्जा संरक्षण की दिशा में उठाया गया हर कदम राष्ट्रनिर्माण में योगदान है
Central Samvad रायपुर, 13 मई 2026 ।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा ईंधन संरक्षण और संसाधनों के संयमित उपयोग को लेकर किए गए आह्वान का समर्थन करते हुए कहा है कि पेट्रोल-डीजल जैसे मूल्यवान संसाधनों का जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग करना हम सभी का राष्ट्रीय दायित्व है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि वैश्विक ऊर्जा संकट और पर्यावरणीय चुनौतियों के इस दौर में ऊर्जा संरक्षण केवल आर्थिक आवश्यकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है।
उन्होंने कहा कि राज्य शासन द्वारा शासकीय स्तर पर ईंधन की खपत कम करने और संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग के लिए ठोस पहल की जा रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि उनके आधिकारिक दौरों में अब केवल अत्यावश्यक वाहनों को ही कारकेड में शामिल किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने मंत्रीगणों और विभिन्न निगम-मंडलों के पदाधिकारियों से भी सरकारी वाहनों और अन्य संसाधनों का संयमित उपयोग करने का आग्रह किया है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शासकीय परिवहन व्यवस्था को अधिक पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में कार्य करेगी। इसके तहत सभी शासकीय वाहनों को चरणबद्ध तरीके से इलेक्ट्रिक वाहनों में बदलने की दिशा में कार्रवाई शुरू की जाएगी।
मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रदेशवासियों से सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग करने, कारपूलिंग अपनाने और अनावश्यक निजी वाहनों के उपयोग से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी आदतों में बदलाव लाकर बड़े सकारात्मक परिवर्तन संभव हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक ईंधन बचत को अपनी जिम्मेदारी माने, तो यह अभियान व्यापक जन-आंदोलन का रूप ले सकता है। उन्होंने प्रदेशवासियों से “नेशन फर्स्ट” की भावना के साथ ऊर्जा संरक्षण में सहभागी बनने का आह्वान किया।

