Central Samvad 15मई रायपुर /रायपुर समेत कई शहरों के पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लगी हुई हैं, कई लोगों ने दावा किया कि कुछ स्थानों पर पंप बंद हैं और ईंधन नहीं मिल रहा है।इसी बीच मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों से संयम बनाए रखने और पैनिक बाइंग से बचने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि छत्तीसगढ़ में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तथा सभी ऑयल डिपो में नियमित रूप से ईंधन की आपूर्ति जारी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार और ऑयल कंपनियां लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने बताया कि अफवाहों के कारण लोग आवश्यकता से अधिक पेट्रोल-डीजल भरवा रहे हैं, जिससे कुछ स्थानों पर दबाव की स्थिति बनी है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने भी देशवासियों से अफवाहों पर ध्यान न देने और अनावश्यक संग्रहण से बचने की अपील की है। मुख्यमंत्री ने लोगों से केवल जरूरत अनुसार ही ईंधन लेने और जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने का आग्रह किया।

