Central Samvad रायपुर, 11 अक्टूबर 2026
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हरलीन देओल ने रायपुर स्थित खेल एवं युवा कल्याण विभाग की आवासीय हॉकी अकादमी के खिलाड़ियों से मुलाकात कर उन्हें मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया।

उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव की पहल और छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ (सीएससीएस) के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में हरलीन ने खिलाड़ियों के साथ अपने खेल जीवन के अनुभव साझा किए।

हरलीन देओल ने खिलाड़ियों से कहा कि वे अकादमी में उपलब्ध सुविधाओं और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन का पूरा लाभ उठाएं। नियमित अभ्यास करें, बड़े लक्ष्य निर्धारित करें और भारतीय टीम का हिस्सा बनकर देश के लिए खेलने का सपना देखें।

उन्होंने कहा, “आप मेहनत कीजिए, अपने लक्ष्य के लिए पूरी लगन से प्रयास कीजिए। भगवान भी आपकी मदद करेंगे। अपने ऊपर विश्वास रखिए और देश के लिए खेलने का सपना जरूर देखिए।”उन्होंने खिलाड़ियों को अपनी कमियों को पहचानने, उनमें सुधार करने और हर दिन बेहतर प्रदर्शन करने की सलाह दी। हरलीन ने बताया कि खेल में सफलता के लिए प्रतिभा के साथ कड़ी मेहनत, धैर्य, अनुशासन और निरंतर अभ्यास जरूरी है।अकादमी में छत्तीसगढ़ के दूर-दराज के जनजातीय क्षेत्रों से आए बच्चे भी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। हरलीन से मुलाकात और उनके अनुभवों से इन खिलाड़ियों को अपने सपनों के प्रति समर्पित रहने तथा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए प्रोत्साहन मिला।

इस दौरान हरलीन ने खिलाड़ियों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं और उनसे व्यक्तिगत रूप से बातचीत की। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने वाली खिलाड़ी से मिलने का अवसर अकादमी के बच्चों के लिए यादगार रहा।कार्यक्रम में खेल अधिकारी शिवराज साहू, हॉकी प्रशिक्षक रश्मि तिर्की, सॉफ्टबॉल प्रशिक्षक टी.एन. रेड्डी सहित खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारी और प्रशिक्षक उपस्थित रहे। इस पहल का उद्देश्य युवा खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाना और उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना है।

