
Central Samvad रायपुर, 14 मई 2026
नवा रायपुर स्थित भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (IIIT) में सुशासन एवं अभिसरण विभाग द्वारा “डिजिटल उत्पादकता एवं एआई एकीकरण” विषय पर चरणबद्ध एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की डिजिटल दक्षता बढ़ाना और प्रशासनिक कार्यों में तकनीक आधारित कार्य संस्कृति को बढ़ावा देना था।प्रशिक्षण कार्यक्रम में सामान्य प्रशासन विभाग के 100 से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों ने हिस्सा लिया।

इस दौरान कार्यालयीन कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने, दस्तावेज तैयार करने, सूचना संक्षेपण और त्वरित निर्णय प्रक्रिया में एआई एवं डिजिटल तकनीकों की उपयोगिता की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में IIIT के डायरेक्टर डॉ. ओ.पी. व्यास ने जनरेटिव एआई की संभावनाओं, सीमाओं और प्रशासनिक कार्यों में इसके उपयोग पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एआई मानव बुद्धिमत्ता का सहयोगी उपकरण है, जिसका उपयोग कार्यों को अधिक व्यवस्थित और प्रभावी बनाने में किया जा सकता है।
प्रशिक्षण के दौरान इंटरैक्टिव और हैंड्स-ऑन सत्र भी आयोजित किए गए, जिसमें प्रतिभागियों ने विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में एआई टूल्स का व्यावहारिक उपयोग सीखा। इससे अधिकारियों में नई तकनीकों के उपयोग को लेकर आत्मविश्वास बढ़ा।
कार्यक्रम में एआई के जिम्मेदार और विवेकपूर्ण उपयोग पर भी विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को बताया गया कि एआई उपयोगी तकनीक है, लेकिन इसका इस्तेमाल करते समय मानव निगरानी और समालोचनात्मक सोच आवश्यक है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने में IIIT के डीन के.जी. श्रीनिवास सहित प्रशिक्षक आकांक्षा शर्मा, प्रेमा पटेल, गौरव शर्मा, डॉ. शैलेंद्र मिश्रा और उपेंद्र अग्रवाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

