Central Samvad 14 मई रायपुर । रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम खेला गया आईपीएल मुकाबला तेज बारिश के कारण कल रात समय से कुछ देर बाद शुरू हुआ। मैदान पर विराट कोहली का जलवा देखने को मिला।रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने कोलकाता नाइट राइडर्स को छह विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की।

इस जीत के साथ विराट कोहली ने कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए।कोहली ने 60 गेंदों में नाबाद 105 रन की शानदार पारी खेली। यह आईपीएल में उनका 9वां शतक है, जो टूर्नामेंट के इतिहास में किसी भी खिलाड़ी द्वारा लगाए गए सबसे ज्यादा शतक हैं।
इसके साथ ही विराट कोहली टी-20 क्रिकेट में सबसे तेज 10 हजार रन पूरे करने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने 409 पारियों में यह उपलब्धि हासिल कर क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। गेल ने यह मुकाम 423 पारियों में हासिल किया था।विराट ने इस सीजन में 400 रन भी पूरे कर लिए हैं।इससे पहले कोलकाता नाइट राइडर्स ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 192 रन बनाए। जवाब में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 19 ओवर और एक गेंद में 4 विकेट खोकर 194 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। विराट कोहली को शानदार बल्लेबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

