Central Samvadनई दिल्ली, 1 सितंबर 2026
भारत ने सिंधु जल संधि को लेकर विश्व बैंक द्वारा गठित मध्यस्थता न्यायालय के फैसले को खारिज कर दिया है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत ने इस मध्यस्थता पैनल को कभी मान्यता नहीं दी और न ही उसकी कार्यवाही में भाग लिया है।

इसलिए भारत उसके फैसले से बाध्य नहीं होगा।विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि सिंधु जल संधि अभी भी स्थगित है। भारत का कहना है कि मध्यस्थता पैनल की स्थापना संधि की शर्तों के अनुरूप नहीं हुई थी और भारत की जल एवं बुनियादी ढांचा परियोजनाओं से जुड़े संप्रभु फैसलों पर पैनल का कोई अधिकार क्षेत्र नहीं है।
भारत ने पिछले वर्ष पहलगाम आतंकी हमले के बाद राष्ट्रीय सुरक्षा और लगातार जारी सीमा पार आतंकवाद को देखते हुए सिंधु जल संधि को स्थगित कर दिया था। भारत ने दोहराया है कि संधि पर उसका निर्णय संप्रभुता और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा विषय है।

