
रायपुर, 30 अप्रैल 2026
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से आज विधानसभा में मिस इंडिया छत्तीसगढ़ 2026 अनुष्का सोन ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान अनुष्का सोन ने नारी सशक्तिकरण को लेकर राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान और अधिकारों पर केंद्रित विशेष सत्र एक प्रेरणादायक पहल है, जिससे समाज में सकारात्मक संदेश जाता है।
अनुष्का सोन ने बताया कि वे विधानसभा की कार्यवाही सुनने विशेष रूप से पहुंची थीं। उन्होंने इस अनुभव को बेहद प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि नीति निर्माण की प्रक्रिया को करीब से समझने का अवसर मिला, जो उनके लिए एक नई सीख है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण, सुरक्षा और सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी एक जागरूक और सशक्त समाज का संकेत है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि ऐसी पहल महिलाओं के आत्मविश्वास को मजबूत करेंगी और उन्हें नेतृत्व की भूमिका में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि नई पीढ़ी की बेटियां शिक्षा, कला, खेल और सामाजिक क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन कर रही हैं।
मुख्यमंत्री साय ने अनुष्का सोन को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और समाज में सकारात्मक बदलाव की प्रेरणा बनने की अपेक्षा जताई।
इस अवसर पर विधायक अनुज शर्मा भी उपस्थित रहे।

