Central Samvadवाराणसी, 09 सितंबर 2026
उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित अंतरराष्ट्रीय रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में आज नौवें राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने किया।

इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर सहित उत्तर प्रदेश सरकार के अन्य मंत्री उपस्थित रहे।केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि राष्ट्रीय पोषण माह स्वस्थ और सशक्त भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने का अभियान है। यह अभियान हर मां के स्वास्थ्य, हर बच्चे के पोषण और हर परिवार की खुशहाली से जुड़ा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2014 से गरीबों, बच्चों, गर्भवती महिलाओं और स्तनपान कराने वाली माताओं के पोषण को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने उत्तर प्रदेश में आंगनवाड़ी केंद्रों में किए गए बदलावों का उल्लेख करते हुए ‘हमारा आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ की भावना को जनभागीदारी के अभियान में बदलने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में लाभार्थियों के अनुभवों पर आधारित वीडियो प्रदर्शित किया गया। केंद्रीय मंत्री ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देशभर से आई आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से सुझाव भी मांगे।

