Central Samvad रायपुर, 23 मई 2026।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित 19वें रोजगार मेले में विभिन्न सरकारी विभागों के 51 हजार से अधिक चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरी केवल रोजगार नहीं, बल्कि नागरिकों के जीवन को बेहतर और आसान बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि दुनिया भारत की विकास यात्रा और तकनीकी प्रगति को लेकर उत्साहित है। भारत युवाओं को बेहतर अवसर, रोजगार और वैश्विक अनुभव उपलब्ध कराने के लिए कई देशों के साथ साझेदारी कर रहा है। उन्होंने कहा कि देश वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है और सेमीकंडक्टर, मैन्युफैक्चरिंग तथा अन्य क्षेत्रों में निवेश से रोजगार के नए अवसर तैयार हो रहे हैं।
उन्होंने नवनियुक्त कर्मचारियों से ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करने की अपील करते हुए ‘आईगोट कर्मयोगी’ प्लेटफॉर्म का अधिक से अधिक उपयोग करने का आग्रह किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा और सेवा भावना ही विकसित भारत की मजबूत नींव बनेगी।
रोजगार मेला देशभर के 47 स्थानों पर आयोजित किया गया। चयनित अभ्यर्थी रेल मंत्रालय, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय और उच्च शिक्षा विभाग सहित विभिन्न मंत्रालयों एवं विभागों में अपनी सेवाएं देंगे।

