Central Samvadरायपुर, 6 जुलाई
बारिश के मौसम में विद्युत करंट से होने वाली दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड ने आम नागरिकों के लिए सुरक्षा संबंधी एडवाइजरी जारी की है। कंपनी ने लोगों से बिजली के खंभों, ट्रांसफार्मरों, एचटी लाइनों और टूटे हुए तारों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ नहीं करने की अपील की है।कंपनी ने कहा कि आंधी-तूफान या बारिश के दौरान यदि बिजली के खंभे, तार या अन्य उपकरण क्षतिग्रस्त दिखाई दें तो इसकी सूचना तुरंत टोल-फ्री नंबर 1912, मोर बिजली ऐप या निकटतम वितरण केंद्र में दें। ऐसे स्थानों पर पानी में उतरने या चलने से बचें, क्योंकि करंट फैलने की संभावना रहती है।

विद्युत उपकरणों का उपयोग करते समय हाथ-पैर सूखे रखें और रबर या प्लास्टिक के जूते-चप्पलों का इस्तेमाल करें। कंपनी ने बताया कि बारिश से पहले सभी फीडरों, ट्रांसफार्मरों और विद्युत लाइनों का निरीक्षण एवं आवश्यक रखरखाव किया जा चुका है, लेकिन नागरिकों की सतर्कता भी बेहद जरूरी है।कंपनी ने सलाह दी है कि खेतों की बाड़ या कंटीले तारों में बिजली प्रवाहित न करें, बिजली के तारों के नीचे निर्माण न करें और टूटे हुए तार दिखाई देने पर उनसे दूर रहें। कपड़े सुखाने के लिए बिजली के खंभों या स्टे वायर का उपयोग न करें तथा बच्चों को बिजली के उपकरणों और लाइनों के पास खेलने से रोकें।यदि कोई व्यक्ति करंट की चपेट में आ जाए तो सबसे पहले मुख्य स्विच बंद कर बिजली का प्रवाह रोकें।
यदि यह संभव न हो तो सूखी लकड़ी, सूखी रस्सी या सूखे कपड़े की सहायता से पीड़ित को बिजली के स्रोत से अलग करें। सीधे हाथ न लगाएं और तुरंत प्राथमिक उपचार देकर निकटतम अस्पताल पहुंचाएं।बिलासपुर क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक श्री ए.के. अंबस्थ ने कहा कि खराब मौसम में बिजली व्यवस्था बनाए रखना चुनौतीपूर्ण होता है। उन्होंने उपभोक्ताओं से बिजली आपूर्ति बाधित होने पर घबराने के बजाय कुछ समय प्रतीक्षा करने तथा आवश्यकता पड़ने पर टोल-फ्री नंबर 1912 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि थोड़ी-सी सावधानी अपनाकर दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है और लोगों के जीवन व संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।
u

