Central Samvadरायपुर, 19 अगस्त 2026
उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि “लोक निर्माण से छत्तीसगढ़ निर्माण” के मूलमंत्र के साथ राज्य में अधोसंरचना विकास को नई गति दी जा रही है। उन्होंने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में लोक निर्माण विभाग को 12,666 करोड़ रुपए से अधिक के 1,572 कार्यों के लिए प्रशासकीय स्वीकृति मिली है।

इनमें 1,285 सड़क, 247 पुल और 42 भवन निर्माण कार्य शामिल हैं। वित्तीय वर्ष 2025-26 में ही विभाग को 9,129 करोड़ रुपए से अधिक के 993 कार्यों की स्वीकृति मिली, जो राज्य निर्माण के बाद पिछले 25 वर्षों में विभाग को मिली सर्वाधिक स्वीकृति है।श्री साव ने बताया कि निर्माण कार्यों की निगरानी और क्रियान्वयन में तेजी लाने के लिए 7 नए संभागीय और 12 नए उप संभागीय कार्यालय शुरू किए गए हैं।

विभाग की कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने के लिए जल्द ही WAMIS (Work and Accounts Monitoring Integration System) लागू किया जाएगा। इससे डीपीआर से लेकर स्वीकृति और कार्यों की निगरानी तक की प्रक्रिया ऑनलाइन और एकीकृत होगी।उन्होंने कहा कि सरकार सड़क, पुल और भवन जैसी अधोसंरचनाओं के विकास के साथ विभागीय कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और तेजी पर भी विशेष ध्यान दे रही है।

