Central Samvadरायपुर, 15 जून 2026
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के तहत कबीरधाम जिले में महिला सशक्तिकरण और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में एक नई पहल की गई है। जिले के वंदे मातरम् संकुल स्तरीय संघ से जुड़ी 35 महिला स्व-सहायता समूह सदस्यों को “सोलर दीदी” के रूप में प्रशिक्षित किया गया है।

प्रशिक्षण के बाद ये महिलाएं गांवों में सौर ऊर्जा संयंत्रों की स्थापना, संचालन, रखरखाव और तकनीकी सेवाएं उपलब्ध कराएंगी।विशेषज्ञों द्वारा आयोजित प्रशिक्षण में महिलाओं को सोलर सिस्टम की स्थापना, मरम्मत, रखरखाव और उपभोक्ता सेवाओं की व्यावहारिक जानकारी दी गई। इसका उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराना है।

प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद सोलर दीदियां गांवों में सोलर पैनल और अन्य सौर उपकरणों की स्थापना तथा मरम्मत का कार्य कर सकेंगी। इससे उन्हें नियमित आय का स्रोत मिलेगा और सौर संयंत्रों की स्थापना पर मिलने वाले कमीशन से उनकी आमदनी भी बढ़ेगी। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ और वैकल्पिक ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा।यह पहल प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में भी सहायक साबित होगी।
अब ग्रामीणों को सौर ऊर्जा से जुड़े कार्यों के लिए स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षित महिलाएं उपलब्ध होंगी, जिससे स्थापना और रखरखाव की प्रक्रिया आसान होगी।मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत कबीरधाम ने कहा कि सोलर दीदी कार्यक्रम महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह पहल महिलाओं को तकनीकी क्षेत्र में पहचान दिलाने के साथ-साथ हरित ऊर्जा के विस्तार और रोजगार के नए अवसर भी उपलब्ध कराएगी।
उन्होंने कहा कि यह मॉडल महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास को एक साथ आगे बढ़ाते हुए आत्मनिर्भर गांवों के निर्माण में अहम भूमिका निभाएगा।

