Central Samvad रायपुर, 16 सितंबर 2026
नवा रायपुर अटल नगर में 32वें अखिल भारतीय राज्य निर्वाचन आयुक्त सम्मेलन का शुभारंभ राज्यपाल रमेन डेका ने दीप प्रज्वलित कर किया। करीब 11 वर्ष बाद छत्तीसगढ़ को इस राष्ट्रीय सम्मेलन की मेजबानी का अवसर मिला है।

इस अवसर पर राज्यपाल ने ‘Chhattisgarh Local Body Election Year Book–2026’ के प्रथम संस्करण का विमोचन किया।उद्घाटन सत्र में राज्यपाल रमेन डेका ने स्थानीय निकायों और त्रिस्तरीय पंचायतों की निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, समावेशी और तकनीक-सक्षम बनाने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में स्थानीय स्वशासी संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने देशभर से आए राज्य निर्वाचन आयुक्तों, वरिष्ठ अधिकारियों और निर्वाचन विशेषज्ञों का स्वागत किया। मुख्य सचिव विकास शील ने भी स्थानीय स्वशासन, निर्वाचन प्रक्रिया और प्रशासन तथा निर्वाचन संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय के महत्व पर विचार रखे।
दो दिवसीय सम्मेलन में डिजिटल तकनीक, निर्वाचन प्रबंधन में नवाचार, पारदर्शिता तथा स्थानीय निकाय एवं पंचायत चुनावों की प्रक्रियाओं को अधिक प्रभावी बनाने जैसे विषयों पर विचार-विमर्श हो रहा है। सम्मेलन में स्थायी समिति के अध्यक्ष विजय देव और संयोजक सुधांशु पांडे सहित विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
17 सितंबर को राज्य निर्वाचन आयोग कार्यालय में स्टैंडिंग कमिटी की बैठक होगी। इसके बाद नया रायपुर के निर्माण और विकास पर प्रस्तुतीकरण तथा छत्तीसगढ़ विधानसभा, छत्तीसगढ़ आदिवासी संग्रहालय और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय सहित प्रमुख स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा।

