Central Samvad रायपुर, 30 जून 2026
केंद्र सरकार की विकसित भारत-जी राम जी (विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका मिशन-ग्रामीण) योजना 1 जुलाई 2026 से पूरे देश में लागू होगी। योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार, आजीविका और आधारभूत विकास को नई गति देना है। इसके तहत ग्रामीण परिवारों को मांग के आधार पर वर्ष में 125 दिनों तक रोजगार की गारंटी दी जाएगी।
छत्तीसगढ़ सरकार ने वर्ष 2026-27 के बजट में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए 4,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है।

योजना के तहत जल संरक्षण, सिंचाई, ग्रामीण सड़क, वृक्षारोपण, कृषि आधारित कार्य, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन और टिकाऊ परिसंपत्तियों सहित 318 प्रकार के विकास कार्य किए जाएंगे।
योजना के अंतर्गत मजदूरी का भुगतान 15 दिनों के भीतर करने की व्यवस्था होगी।

यदि निर्धारित समय पर काम उपलब्ध नहीं कराया जाता है, तो पात्र हितग्राहियों को बेरोजगारी भत्ता भी मिलेगा। डिजिटल जॉब कार्ड, तकनीक आधारित कार्य प्रबंधन, पारदर्शी भुगतान व्यवस्था और सामाजिक अंकेक्षण जैसी व्यवस्थाओं को भी शामिल किया गया है।
छत्तीसगढ़ में योजना का राज्य स्तरीय शुभारंभ 2 जुलाई को कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड के ग्राम पंचायत गंडईखुर्द में होगा। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ग्रामीणों से जुड़ेंगे। वहीं केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान आंध्र प्रदेश के तिरुपति से राष्ट्रीय स्तर पर योजना का शुभारंभ करेंगे।

योजना के तहत ग्राम सभाएं पंचायतों की विकास कार्ययोजना तैयार करेंगी, जिससे स्थानीय जरूरतों के अनुसार विकास कार्यों का चयन हो सकेगा। सरकार का मानना है कि यह योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, रोजगार बढ़ाने और विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

