Central Samvadरायपुर, 24 जून 2026
छत्तीसगढ़ सरकार ने किसानों की आय बढ़ाने और कृषि में फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने के लिए कृषक उन्नति योजना के तहत महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। वर्ष 2026 में धान के स्थान पर अन्य लाभकारी फसलों की खेती करने वाले किसानों को 15 हजार रुपये प्रति एकड़ तक प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।

वहीं खरीफ सीजन में दलहन, तिलहन, मक्का और मोटे अनाज (मिलेट्स) की खेती करने वाले किसानों को 10 हजार रुपये प्रति एकड़ आदान सहायता मिलेगी।योजना के तहत अरहर, उड़द, मूंगफली, तिल, मक्का, रागी तथा कोदो-कुटकी जैसी फसलों को शामिल किया गया है। इसका लाभ केवल एकीकृत
किसान पोर्टल में पंजीकृत किसानों को मिलेगा, जो अपनी उपज सहकारी समितियों के माध्यम से बेचते हैं। डिजिटल क्रॉप सर्वे और गिरदावरी के आधार पर भूमि क्षेत्र की पुष्टि के बाद ही सहायता राशि का भुगतान किया जाएगा।पिछले वर्ष योजना के सकारात्मक परिणाम सामने आए थे।
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में धान के स्थान पर अन्य फसल लेने वाले 144 किसानों को 13 लाख रुपये तथा दलहन-तिलहन एवं अन्य फसल उगाने वाले 10,408 किसानों को 2.91 करोड़ रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई थी।कृषि विभाग ने किसानों से योजना का अधिकतम लाभ लेने की अपील करते हुए कहा है कि वे पंजीयन के दौरान वैकल्पिक फसल या दलहन-तिलहन फसल बोए गए रकबे का सही चयन करें, ताकि निर्धारित समय पर प्रोत्साहन राशि सीधे उनके खातों में भेजी जा सके।

