राष्ट्रभक्ति, सामाजिक समरसता और आत्मनिर्भर भारत के लिए उनके विचार आज भी प्रेरणास्रोत : मुख्यमंत्री
Central Samvad रायपुर 28 मई 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को अपने निवास कार्यालय में महान क्रांतिकारी, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक विनायक दामोदर सावरकर की जयंती पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि वीर सावरकर केवल स्वतंत्रता संग्राम के सेनानी ही नहीं, बल्कि राष्ट्रचेतना, साहस और सामाजिक जागरण के प्रतीक थे। उन्होंने देश की स्वतंत्रता और राष्ट्रीय स्वाभिमान के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया।उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों और यातनाओं के बावजूद वीर सावरकर का राष्ट्रभक्ति से भरा संकल्प कभी कमजोर नहीं पड़ा।
उन्होंने समाज में छुआछूत और भेदभाव जैसी कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाई तथा सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने का कार्य किया।मुख्यमंत्री ने कहा कि वीर सावरकर के विचार, लेखन और कार्य आज भी देशवासियों को राष्ट्रहित, आत्मगौरव और सामाजिक सद्भाव की प्रेरणा देते हैं। उनकी सोच युवा पीढ़ी को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करती है।
उन्होंने कहा कि हमें वीर सावरकर के आदर्शों का अनुसरण करते हुए सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।इस अवसर पर वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी तथा छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष श्री नीलू शर्मा भी उपस्थित थे।

