Central Samvadरायपुर, 19 जुलाई 202
छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश से कई जिलों में जनजीवन प्रभावित हो गया है। कई नदियां उफान पर हैं, सड़क और रेल यातायात बाधित हुआ है तथा कई गांवों का संपर्क टूट गया है। इस बीच मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों में भारी से अति भारी वर्षा की चेतावनी देते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

प्रदेश के विभिन्न जिलों में पिछले दो दिनों से हो रही बारिश के कारण हालात लगातार चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं। सूरजपुर जिले के प्रतापपुर विकासखंड में भारी बारिश और नदी के तेज बहाव में धोन्धा-गोविंदपुर-रमकोला मार्ग पर निर्माणाधीन रपटा बह गया, जिससे कई गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क टूट गया।
बलरामपुर जिले में लगातार बारिश के कारण कन्हर नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। रामानुजगंज स्थित एनीकट के ऊपर से करीब एक फीट पानी बह रहा है। एहतियात के तौर पर जल संसाधन विभाग ने एनीकट के दोनों गेटों पर ताला लगा दिया है।
प्रशासन ने लोगों से नदी और एनीकट के आसपास नहीं जाने तथा सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।जांजगीर-चांपा जिले में लीलागर नदी पर स्थित कुटी घाट पुल क्षतिग्रस्त होने से इस मार्ग पर 31 जुलाई तक आवागमन बंद कर दिया गया है।
वहीं, बलौदाबाजार जिले में महानदी उफान पर है, जिसके चलते लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।कोरबा जिले में भारी बारिश से एक दर्जन से अधिक पुलियां क्षतिग्रस्त हो गई हैं, जिससे कई गांवों का सड़क संपर्क टूट गया है।
वहीं, बिलासपुर से रायपुर, कोरबा और रायगढ़ मार्ग पर चलने वाली कई लोकल और मेमू ट्रेनों को भी रद्द कर दिया गया है।इस बीच मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए भारी से अति भारी वर्षा की चेतावनी दी है।
बिलासपुर और रायपुर संभाग के कुछ जिलों में भी भारी बारिश होने की संभावना है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलने की सलाह दी है।

