Central Samvad, रायपुर, 20 नवंबर 2026
गोवा में 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) का भव्य उद्घाटन हुआ। नौ दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में भारत सहित दुनिया के विभिन्न देशों के फिल्मकार, अभिनेता, सिनेमा प्रेमी और प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं।

इस वर्ष महोत्सव की थीम ‘सीमाओं से परे कहानियां’ रखी गई है।उद्घाटन समारोह में अभिनेता कार्तिक आर्यन और साई पल्लवी शामिल हुए। तीन बार ग्रैमी पुरस्कार जीत चुके संगीतकार रिकी केज ने ‘ए वर्ल्ड ऑफ सिनेमा थ्रू म्यूजिक’ शीर्षक से विशेष सिम्फनी ऑर्केस्ट्रा की प्रस्तुति दी।
समारोह में संगीत और सिनेमा का अनूठा संगम देखने को मिला।गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत ने देश-विदेश से आए प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए कहा कि इफ्फी गोवा के वार्षिक सांस्कृतिक कार्यक्रम का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है।
पिछले 22 वर्षों से गोवा इस महोत्सव की मेजबानी कर रहा है। उन्होंने कहा कि इफ्फी से पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ क्षेत्रीय सिनेमा, विशेषकर कोंकणी और मराठी फिल्मों को अंतरराष्ट्रीय मंच मिलता है।
महोत्सव के निदेशक और फिल्मकार आशुतोष गोवारिकर ने कहा कि सिनेमा भाषा, भूगोल और संस्कृति की सीमाओं से परे लोगों को साझा मानवीय भावनाओं के माध्यम से जोड़ता है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव चंचल कुमार ने भी कहा कि इफ्फी विभिन्न संस्कृतियों, विचारों और अनुभवों को एक मंच पर लाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
इस वर्ष महोत्सव में महिला निर्देशकों की 52 और पहली बार फिल्म निर्देशन करने वाले फिल्मकारों की 62 फिल्में शामिल हैं। पोलैंड को विशेष देश के रूप में प्रमुखता दी गई है। महोत्सव की शुरुआत ऑस्कर विजेता फिल्मकार पावेल पाव्लिकोव्स्की की फिल्म ‘फादरलैंड’ के भारत में पहली बार प्रदर्शन से हुई।कार्यक्रम में वेव्स फिल्म बाजार के माध्यम से युवा फिल्मकारों को निवेशकों, वितरकों और अंतरराष्ट्रीय सहयोगियों से जोड़ने के अवसरों पर भी जोर दिया गया।
इसके साथ ही राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम ने दिव्यांगजनों के लिए महोत्सव को अधिक सुलभ और समावेशी बनाने के उद्देश्य से ‘स्वयम्’ संस्था के साथ साझेदारी की है।इफ्फी के माध्यम से दुनिया भर की फिल्मों, नई प्रतिभाओं और विविध सांस्कृतिक अनुभवों को एक मंच पर लाने का प्रयास किया जा रहा है।

