Central Samvad रायपुर 30 सितंबर 2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में बुधवार को मंत्रालय महानदी भवन में रोजगार, डिजिटल गवर्नेंस और कौशल विकास से जुड़ी तीन महत्वपूर्ण पहल शुरू की गईं। मुख्यमंत्री ने नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण में चयनित उप अभियंताओं को नियुक्ति पत्र सौंपे। साथ ही चिप्स और कॉमन सर्विस सेंटर के बीच एमओयू हुआ तथा नवा रायपुर में नेशनल स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट की स्थापना के लिए 10 एकड़ भूमि आवंटन का पत्र सौंपा गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को रोजगार के अवसर, नागरिकों को सरल और पारदर्शी शासकीय सेवाएं तथा नई पीढ़ी को आधुनिक कौशल उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने नवनियुक्त अभियंताओं से गुणवत्ता, समयबद्धता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य करने का आह्वान किया।

चिप्स और कॉमन सर्विस सेंटर के बीच हुए एमओयू के बाद सेवा सेतु और कॉमन सर्विस सेंटर के डिजिटल प्लेटफॉर्म के बीच सेवाओं का समन्वय किया जाएगा। इससे नागरिकों को अधिक शासकीय सेवाएं अपने नजदीकी केंद्रों पर आसानी से मिल सकेंगी।

वर्तमान में सेवा सेतु के माध्यम से 38 विभागों की 907 सेवाएं 16,619 केंद्रों से ऑनलाइन उपलब्ध हैं। एक अप्रैल 2025 से अब तक 54 लाख 23 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें 90 प्रतिशत से अधिक का निराकरण किया जा चुका है।मुख्यमंत्री ने बताया कि सेवा सेतु में केंद्र सरकार की 166 सेवाओं को भी जोड़ने की प्रक्रिया चल रही है।

इससे एक हजार से अधिक सेवाओं को एक डिजिटल प्लेटफॉर्म से उपलब्ध कराने की दिशा में काम हो रहा है।नवा रायपुर में लगभग 250 करोड़ रुपए की लागत से नेशनल स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट स्थापित किया जाएगा। यहां करीब 4 हजार युवाओं को प्रतिवर्ष आधुनिक कौशल प्रशिक्षण देने और लगभग 20 ट्रेड में प्रशिक्षण की व्यवस्था प्रस्तावित है।
प्रशिक्षण को उद्योगों और रोजगार बाजार की बदलती जरूरतों के अनुरूप तैयार किया जाएगा।आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि नवा रायपुर तेजी से आधुनिक अधोसंरचना और शिक्षा-कौशल संस्थानों के केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है। उन्होंने युवाओं से सरकारी नौकरी के साथ निजी क्षेत्र, तकनीक, उद्यमिता और कौशल आधारित अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, नवा रायपुर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी चंदन कुमार सहित वरिष्ठ अधिकारी और नवनियुक्त अभियंता उपस्थित रहे।

