Central Samvad रायपुर 30 सितंबर 2026
छत्तीसगढ़ का बलरामपुर-रामानुजगंज जिला आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डेटा लेबलिंग के क्षेत्र में नई पहल की ओर बढ़ रहा है। जिले में प्रदेश का पहला कॉग्निटिव डेटा एनोटेशन सेंटर स्थापित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य शिक्षित ग्रामीण युवाओं और स्व-सहायता समूह की महिलाओं को एआई आधारित रोजगार और आजीविका के अवसर उपलब्ध कराना है।

सेंटर की स्थापना के लिए जिला प्रशासन और प्रिज्मा एआई के बीच गैर-वित्तीय समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। पायलट चरण में 10 सीटों वाला सेंटर शुरू होगा। यहां चयनित प्रतिभागियों को एआई साक्षरता, डिजिटल कौशल, डेटा लेबलिंग, इमेज एवं ऑब्जेक्ट टैगिंग, वर्गीकरण, सत्यापन और गुणवत्ता समीक्षा का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी ने बताया कि जिले में 12वीं और स्नातक स्तर की शिक्षा प्राप्त स्व-सहायता समूह की बड़ी संख्या में महिलाएं स्मार्टफोन और कंप्यूटर चलाने में दक्ष हैं। यह केंद्र उन्हें डिजिटल अर्थव्यवस्था से जोड़ने और स्थानीय स्तर पर आय के अवसर उपलब्ध कराने में मदद करेगा।

एमओयू के तहत सेंटर की तकनीक, संचालन, प्रशिक्षण, गुणवत्ता पर्यवेक्षण, प्रतिभागियों के पारिश्रमिक, प्रोत्साहन राशि और इंटरनेट कनेक्टिविटी का खर्च प्रिज्मा एआई वहन करेगा। जिला प्रशासन परिसर, हितग्राहियों के चयन और संबंधित विभागों के साथ समन्वय में सहयोग करेगा। प्रशासन के अनुसार, यह पहल जनजातीय बहुल क्षेत्र के युवाओं और महिलाओं को नई तकनीक आधारित रोजगार से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

