Central Samvad रायपुर 01 अक्टूबर 2026
अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर सेवा संकल्प अभियान के तहत अंबिकापुर के सियानगुड़ी में वृद्धजनों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने बुजुर्गों को शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया और उनका आशीर्वाद लिया।मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि वृद्धजन परिवार और समाज की अमूल्य धरोहर हैं।

उनके जीवन का अनुभव और मार्गदर्शन नई पीढ़ी के लिए अनमोल विरासत है। उन्होंने कहा कि माता-पिता और बुजुर्गों का सम्मान व सेवा हमारी संस्कृति और संस्कारों का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

वृद्धजनों की गरिमा, सुरक्षा और सम्मान बनाए रखना पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।कार्यक्रम में वृद्धजनों के स्वास्थ्य और नेत्र परीक्षण के लिए शिविर भी लगाया गया।

चिकित्सकीय दल ने स्वास्थ्य एवं आंखों की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया। इस दौरान गीत और नृत्य की प्रस्तुतियां भी हुईं।कार्यक्रम में सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज, लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव, जिला पंचायत अध्यक्ष निरुपा सिंह, महापौर मंजूषा भगत सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

