Central Samvad रायपुर 01 अक्टूबर 2026
खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए रायपुर की विभिन्न गैर-आवासीय खेल अकादमियों में प्रवेश के लिए आयोजित दो दिवसीय चयन ट्रायल संपन्न हुआ। ट्रायल में खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन किया।

अंतिम दिन चार खेलों में पंजीकृत 169 खिलाड़ियों की दक्षता का परीक्षण किया गया। इनमें हॉकी और फुटबॉल के 57-57, तीरंदाजी के 23 और एथलेटिक्स के 32 खिलाड़ी शामिल रहे। वरिष्ठ प्रशिक्षकों और विशेषज्ञों ने खेल के निर्धारित मानकों के आधार पर खिलाड़ियों का मूल्यांकन किया।

फुटबॉल में पासिंग, ड्रिबलिंग, पोजिशनिंग और मैच सेंस, जबकि तीरंदाजी में ड्रॉ लेंथ, पोस्चर, आई डोमिनेंस और 20 मीटर शूटिंग का परीक्षण किया गया। एथलेटिक्स में विभिन्न दौड़, पैदल चाल, हाई जंप, लॉन्ग जंप और थ्रो इवेंट्स में खिलाड़ियों की क्षमता परखी गई।

हॉकी में हिट, पुश, स्कूप, स्टॉपिंग, रिसीविंग, टैकलिंग, क्लीयरेंस और पेनल्टी कॉर्नर सहित विभिन्न तकनीकी कौशल का बारीकी से आकलन किया गया। चयन ट्रायल तीरंदाजी एरिना, स्वामी विवेकानंद स्टेडियम कोटा और हॉकी स्टेडियम पिच-2 में आयोजित किए गए।

