मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नई दिल्ली स्थित छत्तीसगढ़ सदन में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और मानवता के मार्ग से पूरी दुनिया को शांति और सद्भाव का संदेश दिया। उनका जीवन समाज और राष्ट्र के प्रति दायित्व निभाने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को याद करते हुए कहा कि उनका सादगीपूर्ण जीवन, दृढ़ नेतृत्व और राष्ट्र के प्रति समर्पण सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनका दिया ‘जय जवान-जय किसान’ का मंत्र देश की सुरक्षा और समृद्धि में जवानों और किसानों के योगदान को रेखांकित करता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के आदर्श जनकल्याण, सुशासन और राष्ट्रसेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते रहेंगे।

