Central Samvad रायपुर, 02 अक्टूबर 2026
बीजापुर में वन्यजीव संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से वन्यजीव सप्ताह का शुभारंभ वन मंत्री केदार कश्यप ने किया। इस अवसर पर उन्होंने इन्द्रावती टाइगर रिजर्व द्वारा तैयार ‘बाघ रथ’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

यह रथ गांव-गांव पहुंचकर वन्यजीव संरक्षण, बाघों की सुरक्षा और मानव-वन्यजीव सह-अस्तित्व के प्रति लोगों को जागरूक करेगा।वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि जंगल और वन्यप्राणी हमारी अमूल्य प्राकृतिक धरोहर हैं। इनके संरक्षण की जिम्मेदारी केवल वन विभाग की नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की है।

उन्होंने वन्यजीवों की सुरक्षा में स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया।उन्होंने कहा कि बीजापुर अपनी समृद्ध जैव विविधता, घने जंगलों और प्राकृतिक संपदा के लिए विशेष पहचान रखता है। वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास और जंगलों की रक्षा के साथ मानव और वन्यजीवों के बीच संतुलित सह-अस्तित्व को बढ़ावा देना जरूरी है।
वन मंत्री ने घोषणा की कि इस वर्ष के अंत तक बीजापुर में इको-टूरिज्म गतिविधियां शुरू की जाएंगी। इससे पर्यटकों को क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता और जैव विविधता से परिचित होने का अवसर मिलेगा। साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी विकसित होंगे।उन्होंने कहा कि इको-टूरिज्म को स्थानीय समुदाय की सहभागिता से आगे बढ़ाया जाएगा, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ स्थानीय आजीविका को भी मजबूती मिलेगी।कार्यक्रम में पूर्व मंत्री महेश गागड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी कोरसा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष पेरे पुलैय्या, नगरपालिका अध्यक्ष गीता सोम पुजारी, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, डीएफओ सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

