Central Samvad रायपुर, 9 अक्टूबर 2026
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मुख्यमंत्री सुशासन फेलोशिप के द्वितीय बैच के 36 युवा प्रतिभागियों से संवाद कर उन्हें निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ जनसेवा करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण संभव है।

मुख्यमंत्री ने अपने संघर्ष और सार्वजनिक जीवन के अनुभव साझा करते हुए युवाओं से शासन की कार्यप्रणाली समझने, स्थानीय समस्याओं की पहचान करने और जनकल्याणकारी योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाने के लिए व्यावहारिक सुझाव देने का आह्वान किया।उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, कौशल विकास और आधुनिक तकनीक के माध्यम से युवाओं को सशक्त बना रही है।

पिछले लगभग ढाई वर्षों में 700 से अधिक रोजगार मेलों के जरिए करीब 24 हजार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया गया है। वहीं, एआई मिशन के लिए बजट में 500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिसके तहत छह लाख विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की शिक्षा देने का लक्ष्य है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि निवेश प्रस्तावों को वास्तविक परियोजनाओं में बदलकर युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने युवाओं से अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग प्रदेश के विकास में करने की अपील की।सुशासन एवं अभिसरण विभाग के सचिव राहुल भगत ने बताया कि दो वर्षीय फेलोशिप में पांच माह का प्रशिक्षण और 19 माह का मैदानी अनुभव शामिल है।

प्रारंभिक तीन माह आईआईएम रायपुर में प्रशिक्षण के बाद युवा फेलो जिला प्रशासन के साथ काम कर सरकारी योजनाओं और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को समझेंगे। इस बैच में प्रदेश के 14 जिलों के युवा शामिल हैं।

