Central Samvad रायपुर, 25 अक्टूबर 2026
छत्तीसगढ़ में पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों और औषधीय ज्ञान के संरक्षण की दिशा में प्रदेश के 6 जिलों के 309 पारंपरिक वैद्यों को स्वैच्छिक प्रमाणन के तहत प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कोंडागांव में आयोजित कार्यक्रम में वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने वैद्यों को प्रमाण पत्र वितरित किए।

छत्तीसगढ़ आदिवासी स्थानीय स्वास्थ्य परंपरा एवं औषधि पादप बोर्ड ने 31 मार्च 2027 तक प्रदेश के एक हजार पारंपरिक वैद्यों के प्रमाणन का लक्ष्य रखा है।वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि पारंपरिक वैद्यों का ज्ञान औषधीय वनस्पतियों की पहचान और पीढ़ियों के अनुभवों पर आधारित है।

इस अमूल्य विरासत का दस्तावेजीकरण कर इसे आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखना जरूरी है। उन्होंने औषधीय पौधों के संरक्षण और संवर्धन के लिए पंचायतों की उपलब्ध भूमि, घरों की बाड़ियों और अन्य उपयुक्त स्थानों पर पौधरोपण को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए।मंत्री ने कहा कि स्थानीय वन उत्पादों, औषधीय पौधों और पारंपरिक खाद्य पदार्थों की ब्रांडिंग, प्रसंस्करण और विपणन से ग्रामीण समुदायों के लिए आजीविका के नए अवसर विकसित हो सकते हैं।

उन्होंने साल बीज सहित अन्य वन उत्पादों के मूल्य संवर्धन तथा कोदो, कुटकी और रागी जैसे पारंपरिक अनाज के उपयोग को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया।कार्यक्रम में बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक लता उसेंडी, औषधि पादप बोर्ड के अध्यक्ष विकास मरकाम, उपाध्यक्ष अंजय शुक्ला सहित जनप्रतिनिधि, पारंपरिक वैद्य तथा वन विभाग और बोर्ड के अधिकारी उपस्थित थे।

