Central Samvad रायपुर, 25 अक्टूबर 2026
मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के तहत कांकेर जिले में दो नए मार्गों पर बस सेवा शुरू की गई है। परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने भानुप्रतापपुर-कोरर और भानुप्रतापपुर-अंतागढ़ मार्ग पर बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन सेवाओं से वनांचल के 40 से अधिक गांवों के लोगों को नियमित सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिलेगी।
बस सेवा शुरू होने से ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य, हाट-बाजार और शासकीय कार्यों के लिए आवागमन में आसानी होगी। अब वे विकासखंड मुख्यालय, अस्पताल, विद्यालय और बाजार तक अधिक सुविधाजनक तरीके से पहुंच सकेंगे।परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के माध्यम से उन गांवों को भी सार्वजनिक परिवहन से जोड़ा जा रहा है, जहां पहले नियमित बस सेवा उपलब्ध नहीं थी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण परिवहन का विस्तार दूरस्थ अंचलों को विकास के नए अवसरों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

कांकेर विधायक आशाराम नेताम ने कहा कि दूरस्थ गांवों तक शासन की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष किरण नरेटी, नगर पालिका अध्यक्ष अरुण कौशिक सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और ग्रामीणजन उपस्थित थे।

