Central Samvad रायपुर, 25 अक्टूबर 2026
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में न्यायधानी नाइट्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बैलाडीला बुल्स को 4-1 से हरा दिया। यह टीम की लगातार तीसरी जीत है। इस जीत के साथ न्यायधानी नाइट्स पॉइंट्स टेबल में शीर्ष पर पहुंच गई है और सेमीफाइनल में जगह बनाने के करीब है।

उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव की मौजूदगी में टीम ने यह जीत दर्ज की।मुकाबले के पहले क्वार्टर में दोनों टीमों की मजबूत रक्षापंक्ति के कारण कोई गोल नहीं हुआ। दूसरे क्वार्टर में चिराग ने दो गोल कर न्यायधानी नाइट्स को बढ़त दिलाई। बैलाडीला बुल्स की ओर से जसकरण ने गोल करके स्कोर 2-1 कर दिया।

तीसरे क्वार्टर में अनुभवी गोलकीपर और 2020 टोक्यो ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता सुरेंद्र ने शानदार बचाव करते हुए बैलाडीला के पेनल्टी कॉर्नर को नाकाम किया। वहीं, चिराग ने अपना तीसरा गोल कर हैट्रिक पूरी की। मैच के अंतिम चरण में केतन कुशवाहा ने टोमाहॉक शॉट से गोल कर न्यायधानी नाइट्स की जीत 4-1 से पक्की कर दी।शानदार प्रदर्शन के लिए चिराग को ‘स्ट्राइकर ऑफ द मैच’ और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।

न्यायधानी नाइट्स का अगला मुकाबला 27 अक्टूबर को चक्रधर चैंपियंस से होगा, जबकि बैलाडीला बुल्स 26 अक्टूबर को संस्कारधानी स्ट्राइकर्स से भिड़ेगी।

