Central Samvad रायपुर 2 नवंबर 2026
राजस्थान के झुंझुनू जिले में बिजली के तार की चपेट में आने से आठ मजदूरों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। हादसा उदयपुरवाटी उपखंड के छपोली गांव के पास हुआ। मिक्सर मशीन के बिजली के तार के संपर्क में आने से यह दुर्घटना हुई।

जिला कलेक्टर अरुण गर्ग ने बताया कि हादसा छपोली और कदमकुंड के बीच वन क्षेत्र में हुआ, जहां सड़क निर्माण की अनुमति नहीं है। प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं और घायलों का इलाज जारी है। मृतक और घायल आसपास के गांवों के निवासी हैं। ऊर्जा मंत्री हीरा लाल नागर ने घटना पर दुख व्यक्त किया है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के झुंझुनू में हुई दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया है। राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट में शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।

