Central Samvad रायपुर 2 नवंबर 2026
केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में आज की युवा पीढ़ी की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। जब देश स्वतंत्रता की शताब्दी मनाएगा, तब विकसित भारत की जिम्मेदारी इसी अमृत पीढ़ी के हाथों में होगी। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने और देश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

डॉ. मांडविया जगदलपुर के कुम्हरावण्ड स्थित शासकीय कृषि महाविद्यालय में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने युवाओं से लोकतंत्र, रोजगार, नवाचार और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया माय भारत डिजिटल प्लेटफॉर्म युवाओं को नवाचार, मार्गदर्शन, स्वयंसेवा और करियर के नए अवसर उपलब्ध करा रहा है।

इसके माध्यम से देशभर में एक लाख युवा नेतृत्वकर्ता तैयार करने का लक्ष्य है।केंद्रीय मंत्री ने युवाओं से विकसित भारत का संकल्प, गुलामी की मानसिकता से मुक्ति, अपनी विरासत पर गर्व, एकता और नागरिक कर्तव्यों के पालन सहित प्रधानमंत्री के पंच प्रण को जीवन में अपनाने की अपील की।
उन्होंने लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए पारदर्शी मतदाता सूची और निष्पक्ष मतदान के महत्व पर भी चर्चा की। बस्तर की प्राकृतिक सुंदरता और चित्रकोट जलप्रपात का उल्लेख करते हुए उन्होंने क्षेत्र में पर्यटन विकास की संभावनाओं की सराहना की।कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि बस्तर के युवा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
उन्होंने युवाओं को राष्ट्र सेवा की शपथ दिलाई। इस अवसर पर बस्तर सांसद महेश कश्यप, जगदलपुर विधायक किरण देव सिंह सहित जनप्रतिनिधि, युवा और विभिन्न महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

