Central Samvad रायपुर, 3 नवंबर 2026
राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) रायपुर का 17वां दीक्षांत समारोह 3 नवंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल और वैज्ञानिक तथा औद्योगिक अनुसंधान परिषद (CSIR) की महानिदेशक एवं वैज्ञानिक तथा औद्योगिक अनुसंधान विभाग की सचिव डॉ. एन. कलैसेल्वी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। समारोह की अध्यक्षता NIT रायपुर के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के अध्यक्ष डॉ. सुरेश हावरे ने की।

संस्थान के निदेशक प्रो. एन. वी. रमना राव सहित प्राध्यापक, अधिकारी, विद्यार्थी और उनके अभिभावक भी उपस्थित थे।समारोह से पहले केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने संस्थान में सात उत्कृष्टता केंद्रों का उद्घाटन किया। इनमें MeitY इंडिया AI छत्तीसगढ़ उत्कृष्टता केंद्र, क्रिटिकल मिनरल्स उत्कृष्टता केंद्र, कम्प्यूटेशनल मैकेनिक्स उत्कृष्टता केंद्र, सेंटर ऑफ स्पेस एंड इंटरप्लेनेटरी एक्सप्लोरेशन (COSINE), मैराल सेंटर फॉर इनोवेशन इन रूरल एंड ट्राइबल हेल्थ, एयरोस्पेस एंड ऑटोनॉमस टेक्नोलॉजीज उत्कृष्टता केंद्र तथा नैनोसाइंस एंड सस्टेनेबल एनर्जी टेक्नोलॉजीज केंद्र शामिल हैं।


इन केंद्रों का उद्देश्य उन्नत अनुसंधान, बहुविषयक सहयोग और नई तकनीकों के विकास को बढ़ावा देना है।दीक्षांत समारोह में कुल 1,364 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं।

इनमें 976 स्नातक, 283 स्नातकोत्तर और 105 पीएचडी विद्यार्थी शामिल हैं। विभिन्न शाखाओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को कुल 51 पदक प्रदान किए गए। इनमें 25 स्वर्ण पदक, 25 रजत पदक और संस्थान का स्वर्ण पदक शामिल हैं। बीटेक कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग की छात्रा आत्मिका गंगेली को ओवरऑल टॉपर का पुरस्कार दिया गया।


अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. सुरेश हावरे ने कहा कि दीक्षांत समारोह केवल डिग्री प्राप्त करने का दिन नहीं, बल्कि जीवन की नई शुरुआत है। यहां से उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थी देश के भविष्य के इंजीनियर, उद्यमी, वैज्ञानिक और नेतृत्वकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल तकनीक और ऑटोमेशन के दौर में भी बिजली उत्पादन जैसे कई कार्यों के लिए बुनियादी विषयों की समझ आवश्यक है। विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकों को अपनाने के साथ मूलभूत सिद्धांतों को भी मजबूत बनाए रखना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़कर बेहतर भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।विशिष्ट अतिथि सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि मानवता और राष्ट्र के विकास के लिए नवाचार तथा अनुसंधान बेहद जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि देश में कई महत्वपूर्ण खनिजों का आयात किया जाता है। संस्थान को इनके देश में ही भंडार खोजने और अनुसंधान के माध्यम से आत्मनिर्भरता बढ़ाने की दिशा में काम करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सीखने और उसका उपयोग राष्ट्र के विकास के लिए करने का आग्रह किया।

मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में प्रत्येक विद्यार्थी की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऊर्जा, आपूर्ति श्रृंखला, स्वास्थ्य, रोजगार और कृषि विकास जैसी चुनौतियों को युवाओं को अवसर के रूप में देखना चाहिए। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 का उल्लेख करते हुए कहा कि इसका उद्देश्य रटकर सीखने के बजाय कौशल आधारित शिक्षा को बढ़ावा देना है।
सरकार राज्य सरकारों और विश्वविद्यालयों के साथ मिलकर इस दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि उन्नत विनिर्माण और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस भविष्य की अर्थव्यवस्था तथा रोजगार के प्रमुख आधार होंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी तकनीकी क्षमता का उपयोग देश की सेवा और विकास के लिए करने का आह्वान किया।
संस्थान के निदेशक प्रो. एन. वी. रमना राव ने स्वागत भाषण और संस्थान की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि सेंटर ऑफ स्पेस एंड इंटरप्लेनेटरी एक्सप्लोरेशन (COSINE) को औपचारिक स्वीकृति मिली है। टाइम्स हायर एजुकेशन वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2027 में संस्थान को 1201-1400 के बैंड में स्थान मिला है। NITRRFIE को भारत इनक्यूबेटर अवार्ड 2025 से सम्मानित किया गया है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 के विद्यार्थियों को कुल 821 प्लेसमेंट ऑफर मिले हैं और अधिकतम पैकेज 60 लाख रुपये प्रतिवर्ष रहा।

संस्थान के 18 प्राध्यापकों और चार विद्यार्थियों को स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय की विश्व के शीर्ष 2 प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूची में स्थान मिला है। उन्होंने विद्यार्थियों से संस्थान से जुड़े रहने और निरंतर सीखते रहने का आग्रह किया।विशिष्ट अतिथि डॉ. एन. कलैसेल्वी ने कहा कि NIT रायपुर ने मेटलर्जी और कोयला सहित विभिन्न क्षेत्रों में शिक्षा और अनुसंधान के अवसर उपलब्ध कराए हैं। उन्होंने कोयले को वास्तविक अर्थों में बहुमूल्य संसाधन बताते हुए कहा कि देश में कोयले के विशाल भंडार हैं, लेकिन उनकी वास्तविक उपयोगिता को पहचानने की जरूरत है। कोयला मूल्य श्रृंखला को अधिक लाभकारी बनाया जा सकता है।

उन्होंने मेटलर्जी क्षेत्र में उत्कृष्टता केंद्र की सराहना की और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य के अनुरूप कार्बन डाइऑक्साइड मुक्त तकनीकों के विकास पर जोर दिया।समारोह में स्नातक, स्नातकोत्तर और पीएचडी विद्यार्थियों को उपाधियां तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को पदक प्रदान किए गए। अंत में अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट किए गए और राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।

