Central Samvad, रायपुर, 10 नवंबर 2026/ सुप्रीम कोर्ट ने देश में बढ़ते डिजिटल अरेस्ट घोटालों और साइबर अपराधों पर रोक लगाने के लिए व्हाट्सऐप और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म से ठोस उपायों के प्रस्ताव मांगे हैं।

मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने डिजिटल प्लेटफॉर्म को अपने सुझाव भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) के सामने भी रखने का निर्देश दिया है। यह मामला फर्जी दस्तावेजों के जरिए डिजिटल अरेस्ट के पीड़ितों से जुड़ा है, जिस पर न्यायालय ने स्वतः संज्ञान लिया है। मामले की अगली सुनवाई 23 नवंबर को होगी।
सुनवाई के दौरान व्हाट्सऐप ने बताया कि उसने धोखाधड़ी रोकने के लिए कई कदम उठाए हैं और लगभग 9,400 अकाउंट के खिलाफ कार्रवाई की है। कंपनी इस संबंध में अदालत में हलफनामा भी दाखिल करेगी।इससे पहले 29 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि डिजिटल अरेस्ट और साइबर धोखाधड़ी के मामलों में वित्तीय संस्थानों की जवाबदेही भी तय होनी चाहिए।
बैंक की लापरवाही से धोखाधड़ी साबित होने पर पीड़ितों को हुए नुकसान की भरपाई का सवाल भी उठाया गया था। न्यायालय ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की जांच एजेंसियों से ऐसे मामलों में दर्ज एफआईआर और जांच की स्थिति पर रिपोर्ट मांगी है।

