Central Samvad धमतरी, 14 नवंबर 2026
छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से शुरू होने वाली धान खरीदी के लिए धमतरी जिले में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिले के सभी 108 उपार्जन केंद्रों में आवश्यक सुविधाओं का सत्यापन कर लिया गया है। खरीदी शुरू होने के साथ ही केंद्रों में किसानों की आवाजाही और धान विक्रय की गतिविधियां शुरू हो जाएंगी।

उपार्जन केंद्रों में तौल, गुणवत्ता परीक्षण, बारदाना, भंडारण और पेयजल सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं। आमदी उपार्जन केंद्र में 2.6380 हेक्टेयर भंडारण क्षेत्र और 13 हजार 600 क्विंटल की बफर लिमिट निर्धारित है। यहां कुल 31 हजार 900 बारदाने उपलब्ध हैं, जिनमें 30 हजार नए और 1,900 पीडीएस बारदाने शामिल हैं।
केंद्र में पांच तारपोलिन, इन्वर्टर, जल निकासी और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था भी की गई है। यहां 1,318 किसान पंजीकृत हैं। धान की सुरक्षा और भंडारण व्यय के लिए 1 लाख 67 हजार 580 रुपये की अग्रिम राशि भी प्राप्त हुई है।
जिला प्रशासन का प्रयास है कि सभी पंजीकृत किसानों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपनी उपज बेचने में सुविधा मिले और धान खरीदी का कार्य सुचारु रूप से संपन्न हो।

