Central Samvad रायपुर 12 मई 2026।
युवाओं को आधुनिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जोड़ने के उद्देश्य से जिला प्रशासन धमतरी द्वारा AI Upskilling Course 2026 के लिए प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के मार्गदर्शन में आयोजित इस पहल का उद्देश्य युवाओं को डिजिटल और AI स्किल्स में प्रशिक्षित कर रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराना है।

पीजी कॉलेज धमतरी के आईटी भवन में आयोजित परीक्षा में जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के 166 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इनमें 107 विद्यार्थी ऑफलाइन और 59 विद्यार्थी ऑनलाइन माध्यम से शामिल हुए।

परीक्षा के माध्यम से चयनित विद्यार्थियों को बेंगलुरु की संस्था लर्नीजॉय द्वारा एआई वीडियो जनरेशन, वेबसाइट डेवलपमेंट, एआई एजेंट्स, ऑटोमेशन टूल्स, प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग और डिजिटल प्रोडक्टिविटी जैसी आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण का उद्देश्य युवाओं को रोजगार, इंटर्नशिप, फ्रीलांसिंग और डिजिटल उद्यमिता के लिए तैयार करना है। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि आने वाला समय एआई और डिजिटल टेक्नोलॉजी का है, इसलिए युवाओं को समय रहते आधुनिक स्किल्स से जोड़ना जरूरी है।

