Central Samvad रायपुर, 12 मई 2026। दुर्ग जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 04 खपरी में गैस सिलेंडर ब्लास्ट की दर्दनाक घटना में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई। हादसे में होमदास वैष्णव (40 वर्ष), लक्ष्मी वैष्णव (18 वर्ष), चांदनी वैष्णव (17 वर्ष) और दो वर्षीय मासूम गोपिका वैष्णव की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव तत्काल घटनास्थल पहुंचे। दोनों मंत्रियों ने मौके का निरीक्षण कर स्थिति की जानकारी ली तथा राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मृतकों के परिजनों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की।
सरकार की ओर से प्रत्येक मृतक के परिजन को 5-5 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।इसके अलावा जिला प्रशासन द्वारा आरबीसी 6-4 के तहत प्रत्येक मृतक के परिवार को 4-4 लाख रुपये की अतिरिक्त सहायता राशि प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति और परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।घटनास्थल पर दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल, विधायक रिकेश सेन, डोमनलाल कोरसेवाड़ा, ईश्वर साहू, खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष राकेश पांडेय, तेलघानी बोर्ड के अध्यक्ष जितेंद्र साहू सहित जिला प्रशासन और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

