Central Samvad रायपुर, 12 मई 2026।
अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ सरकार ने नर्सिंग संवर्ग के पदनाम में बड़ा बदलाव करने की घोषणा की है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने ऐलान किया कि अब “नर्सिंग सिस्टर” को “सीनियर नर्सिंग ऑफिसर” और “स्टाफ नर्स” को “नर्सिंग ऑफिसर” के नाम से जाना जाएगा।

यह घोषणा डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्मृति चिकित्सालय में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय नर्सेस दिवस कार्यक्रम के दौरान की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नर्सिंग अधिकारी, नर्सिंग छात्र-छात्राएं तथा अस्पताल के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि नर्सें स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ हैं और मरीजों की सेवा में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि नर्सिंग स्टाफ दिन-रात समर्पण भाव से मरीजों की देखभाल कर उन्हें नया जीवन देने का कार्य करता है।उन्होंने कोविड काल में नर्सिंग स्टाफ की सेवाओं को याद करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी नर्सों ने सेवा और समर्पण का परिचय दिया।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि चिकित्सा सेवा में नर्स का स्थान मां के समान होता है, क्योंकि वे मरीजों की देखभाल परिवार की तरह करती हैं।स्वास्थ्य मंत्री ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है और वर्षों से लंबित सुविधाओं को पूरा किया जा रहा है।इस अवसर पर सीनियर नर्सिंग ऑफिसर डॉ. रीना राजपूत, नीलिमा शर्मा, रंजना सिंह ठाकुर, सुमन देवांगन, कोमेश्वरी नवरंगे, प्रगति सतपुते, शीतल सोनी और नमिता डेनियल सहित पूरे नर्सिंग स्टाफ को सम्मानित करते हुए उनके कार्यों की सराहना की गई।

